लुधियाना, 14 जुलाई 2025: लुधियाना पुलिस और जम्मू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के निजी सहायक कुलदीप सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी गुरबचन सिंह को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया गया। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में यह बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। पुलिस ने गुरबचन सिंह को लुधियाना लाया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
कैसे हुई थी कुलदीप सिंह की हत्या?
यह घटना 26 जून की रात को हुई थी, जब कुलदीप सिंह अपने फार्महाउस से वोक्सवैगन कार में सवार होकर निकले थे। धांधरा रोड पर मिसिंग लिंक-2 हाईवे के पास स्विफ्ट कार में सवार कुछ बदमाशों ने उनका पीछा किया और घेर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखा कि कुलदीप को बीच सड़क पर खींचकर तलवारों से बेरहमी से हमला किया गया। वीडियो में कुलदीप मदद की गुहार लगाते दिखे, लेकिन आसपास मौजूद लोग केवल मूकदर्शक बने रहे। हमलावरों ने कुलदीप की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली और उन्हें मौका नहीं दिया कि वे इसका इस्तेमाल कर सकें।
लुधियाना पुलिस आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने जा रही है, जिसमें हत्या के पीछे के मकसद, अन्य संदिग्धों और जांच की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
ये भी देखे: BIG NEWS: SAD के पूर्व सांसद जगदेव सिंह के PA की हत्या, हाईवे पर तलवार से किए वार