चुनाव ड्यूटी में जान गंवाने वाले अध्यापक दंपति के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी पंजाब सरकार

by Manu
पंजाब सरकार

चंडीगढ़, 26 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने जिले में चुनाव ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले अध्यापक जसकरण सिंह और उनकी पत्नी कमलजीत कौर के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए तुरंत 20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि जारी कर दी है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनकी पूरी शिक्षा का खर्च सरकार उठाएगी।

यह हृदयविदारक हादसा तब हुआ जब सरकारी अध्यापक जसकरण सिंह अपनी पत्नी कमलजीत कौर को चुनाव ड्यूटी पर छोड़ने जा रहे थे। बाघापुराना क्षेत्र में घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही असामयिक मृत्यु हो गई। इस घटना ने पूरे प्रदेश को गहरा सदमा पहुंचाया।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंजाब विधानसभा के स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवा को स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर दुख साझा करने के निर्देश दिए। स्पीकर संधवा ने परिवार से मिलकर मुख्यमंत्री का संदेश पहुंचाया और आश्वासन दिया कि सरकार इन बच्चों को कभी बेसहारा नहीं छोड़ेगी। बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी ताकि उनके माता-पिता का सपना अधूरा न रहे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा दी है। यह सहायता चुनाव ड्यूटी में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों के लिए सरकार की ओर से तत्काल राहत पैकेज का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। उनके इस बलिदान को प्रदेश कभी नहीं भुला सकता। सरकार अपने कर्मयोगियों के प्रति अटूट सम्मान और जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही है।

ये भी देखे: पंजाब की मान सरकार ने 4 बड़े मेडिकल कॉलेजों को दिया ₹69 करोड़ का अपग्रेड

You may also like