50
नई दिल्ली, 23 अक्तूबर : रूस के कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अन्य नेताओं द्वारा हिस्सा लिया जा रहा है। इस सम्मेलन में आज एक ऐतिहासिक बैठक होने जा रही है, जिसमें पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहली बार पांच साल बाद आमने-सामने मिलेंगे। इस मुलाकात पर न केवल भारत-चीन के रिश्ते, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जिनपिंग की पिछली मुलाकात 2019 में ब्राज़ील में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। उस समय से लेकर अब तक दोनों देशों के बीच कई मुद्दों ने तूल पकड़ा है, जिनमें सीमा विवाद, व्यापार और सामरिक सहयोग शामिल हैं। अब, इस सम्मेलन में उनकी मुलाकात दोनों देशों के बीच संवाद के नए दौर की शुरुआत कर सकती है, जिसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।