आगरा,16 जून 2025: सगाई होने के बाद युवक की यूपी पुलिस में सिपाही की नौकरी लग गई। नौकरी लगने से युवती के घरवाले बेहद खुश थे, लेकिन उसी दौरान युवक का फोन आया कि अब दहेज में 30 लाख रुपये चाहिए। दहेज न देने पर शादी तोड़ने की धमकी देने लगा। युवती ने इस मामले को लेकर केस दर्ज करवाया है।
उत्तरप्रदेश के आगरा ज़िले के शाहगंज थाना क्षेत्र का एक युवक संविदा पर नौकरी करता था और इसी बीच उसने एक युवती से सगाई की। कुछ समय बाद उसका चयन यूपी पुलिस में हो गया। इसके बाद युवक ने दहेज में 30 लाख रुपये की माँग की, और दहेज न देने पर शादी न करने की धमकी देने लगा।
20 जनवरी 2025 को हुई थी सगाई
सदर थाना क्षेत्र के देवरी रोड, गुम्मट में रहने वाली युवती ने युवक के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया है। युवती ने बयान देते हुए बताया की दोनों परिवारों की सहमति से 20 जनवरी 2025 को शाहगंज के सुभाष नगर निवासी आशीष पिप्पल के साथ उसकी सगाई हुई थी।
पुलिस में नौकरी लगते ही दिखाने लगा तेवर
जिस समय सगाई हुई उस दौरान मंगेतर संविदा पर नौकरी करता था। कुछ समय बाद उसका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में हो गया। इसके बाद मंगेतर आशीष और उसके परिजन दहेज में 30 लाख रुपये की माँग रखने लगे। 9 जून को मंगेतर आशीष के परिजनों ने युवती के पिता को फोन किया और कहा कि माँग पूरी न होने पर वह शादी नहीं करेंगे।
युवती ने दर्ज कराई शिकायत
इसकी शिकायत युवती ने जनसुनवाई पोर्टल और थाना पुलिस से की। इस मामले में मंगेतर समेत परिजनों पर केस दर्ज़ कर लिया गया है पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
यह भी पढ़े: Covid-19 Update: कोरोना के सक्रिय मामलों में दर्ज़ की गई गिरावट