वैशाली, 06 सितंबर 2025: वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस हमले में महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, डायल-112 के चालक और महिला सिपाही तरंजना कुमारी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। स्थानीय चौकीदार को सिर में गहरी चोट लगी, जिसके लिए डॉक्टरों ने दर्जनभर से ज्यादा टांके लगाए हैं।
हमले में घायल अन्य पुलिसकर्मियों में चौकीदार कर्पूरी पासवान, एएसआई संजीवन पासवान, एएसआई मिथिलेश कुमार, राजापाकर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार और सिपाही दीपक कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना आइसक्रीम बेचने वाले से पैसे को लेकर हुए विवाद से शुरू हुई। आरोपी मोहम्मद ईशा ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए खुलेआम धमकी दी कि पुलिस ने गलत कार्रवाई की। उसने चेतावनी दी कि अगर पुलिस दोबारा गांव में आई, तो वह पुलिसकर्मियों का गला रेत देगा और प्रशासन को भी खदेड़ दिया जाएगा।
वर्तमान में पुलिस गांव में कैंप कर रही है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
ये भी देखे: पूर्वी चम्पारण में शराब माफियाओं पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1189.8 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद