संदीप नंगल अंबियां की हत्या के मामले में शामिल आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

छह लोगों को गिरफ्तार कर छह पिस्तौल व कारतूस किए बरामद

by TheUnmuteHindi
संदीप नंगल अंबियां की हत्या के मामले में शामिल आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

संदीप नंगल अंबियां की हत्या के मामले में शामिल आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
छह लोगों को गिरफ्तार कर छह पिस्तौल व कारतूस किए बरामद
चंडीगढ़, 27 जनवरी : 2022 में कबड्डी खिलाड़ी संदीप सिंह नांगल अंबियां की हत्या में सीधे तौर पर शामिल आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की गई है। जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस ने सोमवार को कौशल चौधरी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि यह लोग हत्या की साजिश रच रहे थे। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से छह पिस्तौल और 40 कारतूस भी जब्त किए हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी 2022 में कबड्डी खिलाड़ी संदीप सिंह नांगल अंबियां की हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे। डीजीपी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने कौशल चौधरी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करके पंजाब में एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पकड़े गए लोगों में पुनीत लखनपाल शर्मा और नरिंदर कुमार लल्ली भी शामिल हैं।
बंबीहा गिरोह ने ली थी जिम्मेदारी
14 मार्च 2022 को जालंधर के मल्लियां खुर्द गांव में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी मैच के दौरान दिनदहाड़े हमलावरों ने संदीप सिंह संधू उर्फ संदीप नंगल अंबियां की हत्या कर दी थी। यह हत्या अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कबड्डी लीग को लेकर कबड्डी संघों के बीच प्रतिद्वंद्विता के कारण की गई थी। उस समय बंबीहा गिरोह ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद पुलिस ने हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से किराए पर लिए गए शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया था।

You may also like