चंडीगढ़, 01 सितंबर 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (1 सितंबर 2025) को चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली लौटते ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति पर चर्चा की और राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पंजाब में हाल के दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा ने करीब 1,000 गांवों और लाखों लोगों को प्रभावित किया है, जिसमें गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और होशियारपुर जैसे जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। लगभग 3 लाख एकड़ कृषि भूमि, खासकर धान की फसल, जलमग्न हो चुकी है, जिससे फसल का भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, पशुधन की व्यापक हानि ने ग्रामीण परिवारों की आजीविका को गहरी चोट पहुंचाई है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार (31 अगस्त 2025) को प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से 60,000 करोड़ रुपये के लंबित फंड तुरंत जारी करने की मांग की। उन्होंने स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (SDRF) के मौजूदा मुआवजा नियमों को “किसानों के साथ क्रूर मजाक” करार देते हुए इसमें बदलाव की अपील की।
ये भी देखे: जालंधर में बारिश से जलभराव और टूटी सड़कों ने बढ़ाई मुश्किलें, नगर निगम की लापरवाही पर सवाल