Mitra Vibhushan Award To PM Modi: श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’ सम्मान से नवाजा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस सम्मान के पूरी तरह हकदार हैं। राष्ट्रपति ने खुशी जताते हुए घोषणा की कि श्रीलंका सरकार ने उन्हें यह सर्वोच्च सम्मान देने का फैसला किया है, जो किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या शासनाध्यक्ष को दिया जाता है। यह सम्मान 2008 में शुरू हुआ था और श्रीलंका की मित्रता को मान्यता देने के लिए प्रतिष्ठित नेताओं को प्रदान किया जाता है।
पीएम मोदी को दिया गया यह मित्र विभूषण अवार्ड बेहद खास है। इसमें धर्म चक्र शामिल है, जो भारत और श्रीलंका की साझा बौद्ध विरासत को दर्शाता है और दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ता है। नवरत्न दोनों देशों के बीच अनमोल और मजबूत दोस्ती का प्रतीक हैं, जिन्हें शुद्ध कमल की पंखुड़ियों से घिरे ग्लोब में दिखाया गया है। सूर्य और चंद्रमा प्राचीन काल से लेकर अनंत भविष्य तक के स्थायी रिश्ते को व्यक्त करते हैं। ये सारे तत्व मिलकर दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक बंधन को खूबसूरती से उजागर करते हैं।
राष्ट्रपति दिसानायके के न्योते पर पीएम मोदी 4 से 6 अप्रैल तक श्रीलंका की राजकीय यात्रा पर हैं। शुक्रवार को कोलंबो पहुंचने के बाद यह उनकी 2019 के बाद पहली श्रीलंका यात्रा है। इससे पहले वह थाईलैंड में थे, जहां उन्होंने बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और थाईलैंड की पीएम पैतोंगतार्न शिनवात्रा, भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे, नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली और बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस जैसे नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।
ये भी देखे: श्रीलंका दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का ग्रैंड वेलकम, मिला गार्ड ऑफ ऑनर