नई दिल्ली, 2 जुलाई 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (पीएम मोदी) आज 2 जुलाई 2025 से 8 दिन की विदेश यात्रा पर रवाना हो चुके हैं, जो पिछले एक दशक में उनकी सबसे लंबी राजनयिक यात्रा होगी। इस दौरे में वे घाना, त्रिनिदाद-टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया जाएंगे। यात्रा का एक मुख्य आकर्षण 6-7 जुलाई को ब्राजील में होने वाला 17वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होगा।
दौरे की शुरुआत घाना से होगी, जहां पीएम मोदी 2-3 जुलाई तक रहेंगे। यह 30 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा है। वहां वे घाना के राष्ट्रपति से मिलेंगे और आर्थिक, ऊर्जा, और रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे, ताकि दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाइयां मिलें।
1999 के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री जाएगा त्रिनिदाद-टोबैगो
इसके बाद, 3-4 जुलाई को पीएम त्रिनिदाद-टोबैगो जाएंगे। यह 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा है, जो भारत और इस कैरेबियाई देश के बीच व्यापार व सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती देगा।
फिर, 4-5 जुलाई को पीएम अर्जेंटीना पहुंचेंगे, जहां वे रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ाने पर ध्यान देंगे। यह दौरा भारत-अर्जेंटीना के आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को नया आयाम देगा।
ब्राजील में ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
5-8 जुलाई को पीएम ब्राजील में होंगे, जहां वे रियो डे जेनेरियो में ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा से मुलाकात करेंगे और उनके सम्मान में आयोजित विशेष रात्रिभोज में शामिल होंगे। ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी वैश्विक प्रशासन सुधार, शांति व सुरक्षा, बहुपक्षीय संस्थाओं को मजबूत करने, जिम्मेदार एआई उपयोग, जलवायु परिवर्तन और वैश्विक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके बाद, पीएम 8-9 जुलाई को नामीबिया की यात्रा करेंगे, जिससे भारत और अफ्रीकी देशों के बीच संबंधों को और मजबूती मिलेगी। यह दौरा भारत की वैश्विक कूटनीति और सहयोग को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
ये भी देखे: CSIS Report: पीएम मोदी के दौरे के बाद कनाडा ने माना भारत विरोधियों का अड्डा बन गया है देश