हाजीपुर, 09 सितंबर 2026: बिहार में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव यानी राजेश रंजन मंगलवार रात हाजीपुर स्थित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाढ़ राहत शिविर में पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और खाना चेक किया। उन्होंने खाने की क्वालिटी को लेकर तंज कसा।
इसके बाद उन्होंने तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री बांटी। पप्पू यादव ने यहां खुद खाना बनाकर लोगों को खिलाया और रात्रि विश्राम भी किया। उन्होंने दोनों जगह लोगों को पांच-पांच सौ रुपये भी बांटे। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार की व्यवस्थाओं पर निशाना साधा।
सांसद पप्पू यादव सबसे पहले हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पास बने सरकारी बाढ़ राहत शिविर में पहुंचे। उन्होंने शिविर का जायजा लिया। शिविर में रह रहे लोगों ने शिकायत की कि जली हुई दाल और कच्चा चना व चावल दिया जा रहा है जो खाने के लायक नहीं है। लोगों ने शिकायत की कि प्रशासन की ओर से नियमित मदद नहीं मिलती। जिस दिन मुख्यमंत्री या कोई अन्य अधिकारी आए उस दिन व्यवस्थाएं सही हो जाती हैं।
पप्पू यादव ने शिविर में लोगों को पांच-पांच सौ रुपये बांटे और महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए। उन्होंने इस दौरान कहा कि सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। मुख्यमंत्री के आने पर लाल कारपेट बिछ जाती है और अधिकारी लगे रहते हैं। लेकिन जाने के बाद व्यवस्थाएं धड़ाम हो जाती हैं। वैशाली प्रशासन सिर्फ दिखावा कर रहा है।
ये भी देखे: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का पप्पू यादव पर निशाना, राहुल गांधी से की ये मांग