मुंबई, 15 जुलाई 2025: लोकप्रिय वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ और फिल्म ‘भूतनी’ में अपने शानदार अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता आसिफ खान को दो दिन पहले दिल का दौरा पड़ने की खबर ने उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया। 34 वर्षीय आसिफ को तुरंत मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राहत की बात यह है कि उनकी हालत अब स्थिर है, और आज (15 जुलाई 2025) उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
ज़िंदगी बहुत छोटी है- आसिफ खान
आसिफ ने पूरी तरह ठीक होने तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद अपने स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, “पिछले 36 घंटों में जो कुछ हुआ, उससे मुझे एहसास हुआ कि ज़िंदगी बहुत छोटी है। एक भी दिन को हल्के में न लें, क्योंकि पल भर में सब कुछ बदल सकता है।”

आसिफ ने ‘पंचायत’ में ‘गणेश’ उर्फ ‘दामाद जी’ के किरदार से दर्शकों का दिल जीता था, खासकर उनके डायलॉग “गजब बेज्जती है” ने उन्हें खूब लोकप्रियता दिलाई। इसके अलावा, ‘मिर्जापुर’, ‘पाताल लोक’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी उनकी एक्टिंग की तारीफ हुई है। उनके फैंस और सहकलाकार उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
यह भी देखे: ‘कांटा लगा गर्ल’ एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का निधन, सिर्फ 42 साल थी उम्र