पलवल, 10 जुलाई 2025: हरियाणा के पलवल जिले में बुधवार की रात तेज बारिश के कारण गांव सोफ्ता में एक पेट्रोल पंप की दीवार ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 6 मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से 2 की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी 4 में से 3 मजदूरों की हालत गंभीर है, जबकि एक मजदूर खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब मजदूर अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में मजदूर दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है, जबकि एक मजदूर का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस सभी संभावित तरीकों से उनकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
ये भी देखे: हरियाणा की टांगरी नदी खतरे के निशान पर बह रही, आसपास रहने वाले लोगों में दहशत