मोहर वाहन उद्योग की जानी मानी हस्ती ओसामु सुजुकी का हुआ निधन

सुजुकी ने भारतीय मोटर वाहन परिदृश्य में लाई थी क्रांति

by TheUnmuteHindi
मोहर वाहन उद्योग की जानी मानी हस्ती ओसामु सुजुकी का हुआ निधन

मोहर वाहन उद्योग की जानी मानी हस्ती ओसामु सुजुकी का हुआ निधन
सुजुकी ने भारतीय मोटर वाहन परिदृश्य में लाई थी क्रांति
नई दिल्ली, 28 दिसंबर : मोटर वाहन उद्योग की जानी मानी हस्ती ओसामु सुजुकी का 94 वर्ष की आयु में निधन होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार सुजुकी का जन्म 30 जनवरी 1930 को हुआ था। उन्होंने चुओ विश्वविद्यालय के विधि संकाय से स्नातक की उपाधि हासिल की और अप्रैल 1958 में तत्कालीन सुजुकी मोटर कंपनी लिमिटेड में शामिल हो गए। नवंबर 1963 में उन्हें निदेशक नियुक्त किया गया और दिसंबर 1967 में वे निदेशक एवं प्रबंध निदेशक बन गए।ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसीएमए) की अध्यक्ष श्रद्धा सूरी मारवाह ने शोक संदेश में कहा, ‘‘मारुति सुजुकी के जरिये भारत में उनके असाधारण योगदान ने न केवल भारतीय मोटर वाहन परिदृश्य में क्रांति ला दी, बल्कि भारत तथा जापान के बीच संबंधों को भी मजबूत किया। एक ऐसी साझेदारी को बढ़ावा दिया जिसने वैश्विक मोटर वाहन उद्योग के लिए मानक स्थापित किए और एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला का निर्माण किया जिसने अनगिनत व्यवसायों को सशक्त बनाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ओसामु सुजुकी के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय मोटर वाहन उद्योग को नई दिशा देने वाले ओसामु सुजुकी के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनके दूरदर्शी कार्यों ने गतिशीलता की वैश्विक धारणाओं को नया आकार दिया। सुजुकी का 94 वर्ष की आयु में 25 दिसंबर को ‘लिम्फोमा’ के कारण निधन हो गया। वह मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के निदेशक और मानद अध्यक्ष थे। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वैश्विक मोटर वाहन उद्योग की महान हस्ती ओसामु सुजुकी के निधन से गहरा दुख हुआ। उनके दूरदर्शी कार्यों ने गतिशीलता की वैश्विक धारणाओं को नया आकार दिया। उनके नेतृत्व में, सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन एक वैश्विक पावरहाउस बन गया, जिसने चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया, नवाचार और विस्तार को आगे बढ़ाया। उन्हें भारत से गहरा लगाव था और मारुति के साथ उनके सहयोग ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में क्रांति ला दी। ज्ञात हो कि सुजुकी को 1981 में मारुति उद्योग लिमिटेड के साथ संयुक्त उद्यम बनाने के लिए तत्कालीन भारत सरकार के साथ सांझेदारी करने का जोखिम उठाने के लिए पहचाना जाता है।

You may also like