चंडीगढ़, 18 अगस्त 2025: चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहा विवाद अब और गहराने वाला है। सूत्रों के अनुसार, विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। इस मुद्दे पर रविवार देर रात विपक्षी दलों की बैठक में चर्चा हुई, हालांकि अंतिम फैसला अभी बाकी है। साथ ही, INDIA गठबंधन के नेता सोमवार (18 अगस्त) शाम को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम पर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं।
कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने बिहार में SIR प्रक्रिया का कड़ा विरोध किया है। विपक्ष का आरोप है कि इस दौरान करीब 65 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि BJP वोट चोरी कर रही है और चुनाव आयोग उसका साथ दे रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोला चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने रविवार (17 अगस्त) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन आरोपों को खारिज किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि वोट चोरी के आरोप पूरी तरह झूठे और भ्रामक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग सभी राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार करता है और उसका काम मतदाता सूची को दुरुस्त करना है। आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए हटाए गए वोटरों की सूची जिलों की वेबसाइट पर अपलोड कर दी। साथ ही, राहुल गांधी से उनके आरोपों के समर्थन में सात दिनों के भीतर हलफनामा देने या माफी मांगने की मांग की।
ये भी देखे: राहुल गांधी बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के साथ मतदाता अधिकारों की लड़ाई शुरू करेंगे