महिलाओं को 1000 रुपये देने के फैसले से नाराज़ होकर विपक्ष बजट पर चर्चा से भागा – भगवंत सिंह मान

by Manu
mann

चंडीगढ़, 12 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्षी दलों ने बजट पर चर्चा में हिस्सा इसलिए नहीं लिया क्योंकि वे महिलाओं को 1,000 रुपये देने के ऐतिहासिक फैसले का सामना करने से बच रहे हैं।

पंजाब सरकार के पांचवें वार्षिक बजट को “शहीदों के सपनों का बजट” बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य शहीद भगत सिंह और शहीद उधम सिंह जैसे महान शहीदों के सपनों को पूरा करना है। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार ने चार साल के भीतर अपनी सभी चुनावी गारंटियां पूरी कर दी हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपना एजेंडा तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब के इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने चार वर्षों में अपनी सभी चुनावी गारंटियां पूरी की हैं। पहले की सरकारों के घोषणापत्र केवल औपचारिकता होते थे। हमने बजट को पवित्र दस्तावेज मानते हुए जनता से किया हर वादा पूरा किया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट उन लोगों को सुविधाएं देने के लिए तैयार किया गया है जिनकी प्रगति में आर्थिक कमजोरी बाधा बनती रही है। उन्होंने बताया कि बजट में 97 प्रतिशत महिलाओं को मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सम्मान योजना का लाभ देने, 40 लाख परिवारों को मेरी रसोई योजना के तहत मुफ्त राशन देने और 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के बजट केवल गलियों और नालियों को पक्का करने तक सीमित थे, जबकि उनकी सरकार बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और नए मेडिकल कॉलेज देने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य के लोगों को बेहतर सुविधाएँ देने और युवाओं को यहीं रहकर डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए पंजाब में 7 मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये कॉलेज होशियारपुर, कपूरथला, संगरूर, शहीद भगत सिंह नगर, लहरागागा, मलेरकोटला और लुधियाना में बनाए जाएंगे और इनके बनने से एमबीबीएस की 600 सीटें बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि 881 आम आदमी क्लीनिकों में 5 करोड़ ओपीडी एंट्री दर्ज की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मेरी रसोई योजना” 40 लाख परिवारों, खासकर उनके बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करेगी। इस योजना के तहत परिवार को दो किलो चीनी, दो किलो दाल, एक लीटर सरसों का तेल, 200 ग्राम हल्दी और एक किलो नमक की किट दी जाएगी।

ये भी देखे: पंजाब विधानसभा में बजट सत्र के चौथे दिन सुखपाल खैहरा की पोस्ट पर हंगामा, सदन स्थगित

You may also like