यूपी,10 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया रिकॉर्ड हासिल किया है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत बुधवार को राज्य भर में 37.21 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘हीट वेव’ से ‘ग्रीन वेव’ की ओर बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में राज्य का वन क्षेत्र काफी बढ़ा है।
टॉप 5 में रहे ये जिले
इस मेगा ड्राइव में सोनभद्र जिला सबसे आगे रहा। सोनभद्र ने 1 करोड़ 58 लाख 88 हजार 285 पौधे लगाकर पूरे यूपी में पहला स्थान प्राप्त किया है। उसके बाद झांसी (99.51 लाख), लखीमपुर खीरी (96.75 लाख), जालौन (95.66 लाख) और मिर्जापुर (70 लाख) ने टॉप पाँच जिलों में अपनी जगह बनाई।
विभागों ने भी दिया सहयोग
वृक्षारोपण के इस महाअभियान में विभिन्न सरकारी विभागों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग ने सबसे ज्यादा 14.05 करोड़ पौधे लगाए। वहीं ग्राम्य विकास विभाग ने 13.12 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों को हरा-भरा करने में बड़ा योगदान दिया। कृषि विभाग (4.15 करोड़), उद्यान विभाग (1.55 करोड़) और पंचायती राज विभाग (1.16 करोड़) भी शीर्ष पाँच में रहे।
इन प्रजातियों के लगाए गए पौधे
इस अभियान में मुख्य रूप से जामुन (1.84 करोड़), अर्जुन (1.61 करोड़), शीशम (4.45 करोड़), सागौन (4.32 करोड़) और अमरूद (1.53 करोड़) जैसे पौधे लगाए गए। इनके अलावा, आम, सहजन और नीम जैसे औषधीय और फलदार पौधे भी बड़ी संख्या में लगाए गए।
सीएम योगी ने बताई ग्रीन वेव की कहानी
अयोध्या में एक वृक्षारोपण कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में वन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ‘हमने पिछले आठ वर्षों में 204 करोड़ पौधे लगाए हैं, और इनमें से 75 प्रतिशत से अधिक अभी भी जीवित हैं.’ उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और थर्ड-पार्टी एजेंसियों के आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य के ग्रीन कवर में वृद्धि की पुष्टि की। इसके अलावा उन्होंने कहा की, ‘अब हम ‘हीट वेव’ से ‘ग्रीन वेव’ की ओर बढ़ गए हैं.’
यह भी पढ़े: UP News: कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, CCTV कैमरों से की जाएगी निगरानी