वैशाली, 06 सितंबर 2025: वैशाली जिले के प्रसिद्ध देकुलीधाम स्थित बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। शुक्रवार से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो शनिवार देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान करीब एक लाख से ज्यादा भक्तों ने बाबा भुवनेश्वरनाथ का जलाभिषेक कर मन्नतें मांगीं।
देकुलीधाम मंदिर प्रबंधन समिति ने सुबह 3 बजे शिवलिंग का भव्य महाशृंगार पूजा संपन्न कराई, जिसके बाद मंदिर का पट भक्तों के लिए खोल दिया गया। जैसे ही पट खुला, “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय शिव शंकर” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु डुब्बाघाट पर बागमती नदी से जल लेकर बाबा पर चढ़ाने पहुंचे। जगह-जगह डीजे पर भक्ति गीतों और भोजपुरी गानों की धुन पर युवा कांवरिया झूमते नजर आए।
महिला और पुरुष भक्तों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। न केवल शिवहर, बल्कि नेपाल, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण जैसे कई जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
ये भी देखे: पटना के पुनपुन में बिहार का पहला केबल सस्पेंशन ब्रिज तैयार, सीएम नीतीश ने किया उद्घाटन