पटना, 18 सितंबर 2025: पटना के एक होटल में गुरुवार (18 सितंबर 2025) को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच अहम मुलाकात हुई। इस दौरान आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने अब तक की तैयारियों पर संतुष्टि जताई और इसे पहले से बेहतर बताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस बार का चुनावी माहौल पिछले कई विधानसभा चुनावों की तुलना में कहीं अधिक सकारात्मक है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को इस बार ऐतिहासिक जीत मिलने की उम्मीद है। नीतीश ने केंद्र और बिहार सरकार की हालिया घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका जनता पर सकारात्मक असर पड़ा है, जिससे NDA की स्थिति मजबूत हुई है।
बैठक में NDA के घटक दलों की एकजुटता को सबसे बड़ा ताकत बताया गया। नीतीश और शाह ने इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन के सभी दल, उनके कार्यकर्ता और नेता एकसाथ मिलकर रैलियां और सम्मेलन कर रहे हैं। सीट बंटवारे को लेकर भी कोई विवाद नहीं है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से सीटों की मांग को लेकर कुछ चर्चा जरूर हुई, लेकिन इसे इशारों में ही निपटाया गया।