NIA ने अमृतसर मंदिर ग्रेनेड हमले मामले में पंजाब के तीन जिलों में 10 जगहों पर की छापेमारी

by Manu
NIA

चंडीगढ़, 24 जनवरी 2026: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अमृतसर के खंडवाला इलाके में ठाकुरद्वारा सनातन मंदिर पर 14 मार्च 2025 की रात को हुए ग्रेनेड हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने अमृतसर, तरनतारन और गुरदासपुर जिलों में कुल 10 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। ये तीनों जिले पाकिस्तान सीमा से सटे हुए हैं और पिछले कुछ समय से विदेशी आतंकियों के निशाने पर रहे हैं।

एनआईए के अनुसार यह हमला विदेश से निर्देशित था। दो बाइक सवार युवकों ने मंदिर के बाहर ग्रेनेड फेंका था, जिसका मकसद सांप्रदायिक दंगे भड़काना और अशांति फैलाना था। धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ था लेकिन मंदिर की दीवार और आसपास का इलाका क्षतिग्रस्त हो गया था।

छापेमारी 22 जनवरी 2026 की रात को हुई। एनआईए ने कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। ये सामग्री जांच में अहम भूमिका निभा सकती है। एजेंसी का कहना है कि यह हमला पंजाब में विभिन्न आतंकी समूहों द्वारा की गई कई ग्रेनेड हमलों की श्रृंखला का हिस्सा है। जांच में विदेशी हैंडलर्स और ट्रांसनेशनल आतंकी साजिश के तार सामने आए हैं।

ये भी देखे: दिल्ली पुलिस ने बब्बर खालसा से जुड़े आतंकी को किया गिरफ्तार, बटाला थाने पर ग्रेनेड हमले का आरोपी

You may also like