नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन इन दिनों भारत के दौरे पर हैं, और इस दौरान उन्होंने एक खास अंदाज में दिल्ली की सड़कों पर बच्चों के साथ गली क्रिकेट खेलकर सभी का दिल जीत लिया। 19 मार्च को दिल्ली में हुए इस खेल में, उन्होंने ईंटों से विकेट बनाए और सड़क पर बॉउंड्री लाइन खींची, जैसे कोई आम क्रिकेट प्रेमी करता है। इस खेल में उनके साथ न्यूजीलैंड के क्रिकेट स्टार रॉस टेलर और स्पिन गेंदबाज एजाज पटेल थे, जबकि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव उनकी टीम में खेलते हुए नजर आए।
भारतीय दिग्गज कपिल देव भी साथ थे मौजूद
क्रिस्टोफर लक्सन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस मजेदार अनुभव की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वह बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस खेल के दौरान एक खास पल तब आया जब लक्सन ने एजाज पटेल का शानदार कैच पकड़ा, जिस पर कपिल देव भी हैरान और खुश नजर आए। रॉस टेलर और एजाज पटेल ने भी लक्सन की कैच की तारीफ की और इसे एक शानदार पल बताया।
इससे पहले, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी। पीएम मोदी के साथ उन्होंने रकाबगंज साहिब गुरुद्वारा भी दौरा किया, जहां उनका सम्मान किया गया। रॉस टेलर ने भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी, जिसका एक फोटो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने गली क्रिकेट खेलते हुए इस खेल के प्रति अपने प्यार और भारतीय क्रिकेट के प्रति अपनी भावनाओं को साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “न्यूजीलैंड और भारत को क्रिकेट के प्रति हमारे साझा प्रेम से अधिक कोई चीज एकजुट नहीं करती।”
ये भी देखे: सत्येंद्र जैन के खिलाफ 571 करोड़ रुपये की सीसीटीवी परियोजना में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज