फरीदाबाद, 21 मार्च: बल्लभगढ़ अनाज मंडी में 15 मार्च से सरसों की खरीद जारी है। अब तक लगभग 50 से 60 किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच चुके हैं। मंडी में कुल 11,400 क्विंटल सरसों आ चुकी है, जिसमें से 4000 क्विंटल की खरीद सरकारी एजेंसी HAFED द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹5950 प्रति क्विंटल पर की गई है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और सुविधाएं
सरकारी खरीद उन्हीं किसानों की हो रही है, जिन्होंने पहले से रजिस्ट्रेशन करवाया है। यदि कोई किसान अभी भी रजिस्ट्रेशन कराना चाहता है, तो वह अपनी फसल को मंडी लाकर बेच सकता है। मंडी में आने वाले किसानों के गेट पास काटे जा रहे हैं और यदि किसी फसल में नमी पाई जाती है, तो उसे पहले सुखाया जाता है और फिर खरीदा जाता है।
मंडी में किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्हें बैठने और पीने के पानी की उचित सुविधा दी जा रही है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
इस साल सरकारी खरीद बढ़ने की उम्मीद
मार्केट कमेटी के स्टेनो मार्केट सेक्रेटरी दीपक दीक्षित ने बताया कि मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और इस साल पिछले साल की तुलना में अधिक सरकारी खरीद होने की संभावना है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
ये भी देखे: विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत 25 विधायकों को 1-1 करोड़ रुपए – नायब सिंह सैनी