जालंधर, 22 मार्च: जालंधर नगर निगम ने शहर में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसते हुए बस्ती शेख इलाके में बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने लाल पहाड़ी के पास चोपड़ा कॉलोनी के पीछे लगभग एक एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान सभी निर्माण कार्यों को रोक दिया गया और पहले से बनीं संरचनाओं को तोड़ दिया गया।
अवैध निर्माण पर निगम की सख्ती
बिल्डिंग ब्रांच के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ ने बताया कि अवैध कॉलोनियों में निर्माण कार्य पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका था। कॉलोनी के मालिकों को जरूरी मंजूरी लेने की हिदायत भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने के कारण नगर निगम को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
नगर निगम ने सभी कॉलोनी मालिकों और बिल्डरों से अपील की है कि वे बिना मंजूरी के निर्माण कार्य न करें और अपनी कॉलोनियों को वैध कराने की प्रक्रिया पूरी करें। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मची हुई है.
ये भी देखे: विधायक कुलवंत सिंह ने विधानसभा में उठाया सफाई कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ाने का मुद्दा