शिमला, 26 अगस्त 2025: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने जमकर कहर बरपाया है, जिससे पूरे प्रदेश में हालात बिगड़ गए हैं। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने 1 सितंबर तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है। 27 और 28 अगस्त को यैलो अलर्ट रहेगा, जबकि 29 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक बिलासपुर के श्री नयनादेवी में सबसे ज्यादा 160 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चम्बा के भटियात में 125 मिलीमीटर, मनाली और धर्मशाला में 102-102 मिलीमीटर, घुमरूर में 91, कांगड़ा में 89, नगरोटा सूरियां और पालमपुर में 88-88, कोठी में 85, भुंतर में 77, चम्बा में 74, करसोग में 65, सुजानपुर टीहरा और रोहड़ू में 60-60, जोगिंद्रनगर में 59, नादौन में 58, देहरागोपीपुर और बंजार में 57-57, और शिमला में 28 मिलीमीटर बारिश हुई।
भारी बारिश के कारण सड़कें, बिजली और पानी की आपूर्ति पर भी बुरा असर पड़ा है। कई इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे यातायात और सामान्य दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदियों व नालों से दूर रहने की अपील की है।
ये भी देखे: हिमाचल के इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी