चंडीगढ़, 28 दिसंबर 2025: अरावली क्षेत्र को लेकर मचे विवाद के बीच गुरुग्राम सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूरी अरावली में माइनिंग महज 0.9 फीसदी है। ऐसे में माइनिंग को लेकर मचाया जा रहा बवाल निरर्थक है।
राव इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी असली चिंता कुछ और है। उन्होंने कहा कि नई परिभाषा के चलते दिल्ली-एनसीआर में अरावली की जमीन का दोहन न हो जाए। उन्होंने आशंका जताई कि कॉलोनियों के लाइसेंस के नाम पर अरावली क्षेत्र को काट दिया जाए और खुदाई का रास्ता खुल जाए। केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि यही अरावली के लिए सबसे बड़ा खतरा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार अरावली संरक्षण को लेकर लगातार काम कर रही है। किसी भी सूरत में इसके अस्तित्व से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत जैसे-जैसे विकसित होगा वैसे-वैसे आसपास की अफरा-तफरी भी समाप्त होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द विकसित राष्ट्र बनेगा।
ये भी देखे: सीएम सैनी की बैठक में AIIMS रेवाड़ी को NH से जोड़ने के लिए 308 करोड़ इंटरचेंज रोड को मिली मंजूरी