तेहरान, 01 जनवरी 2026: ईरान में बढ़ती महंगाई, ईरानी रियाल के तेजी से मूल्यह्रास और आर्थिक संकट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी हैं। शुरुआत तेहरान के ग्रैंड बाजार के दुकानदारों से हुई थी, लेकिन अब यह आंदोलन देश के कई शहरों में फैल चुका है। राजधानी तेहरान में हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं, जहां कई प्रमुख सड़कों को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने महंगाई, बेरोजगारी और सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कुछ जगहों पर प्रदर्शन हिंसक हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों में तोड़फोड़ की कोशिश की।
विरोध प्रदर्शन अब विश्वविद्यालयों तक पहुंच चुके हैं। छात्र सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं। कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईरान के निर्वासित राजा रजा पहलवी के समर्थन में भी नारेबाजी की, जो 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद देश छोड़कर चले गए थे।
ईरानी रियाल का मूल्य पिछले कुछ महीनों में तेजी से गिरा है, जिससे आयातित वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। ईंधन, दवाइयां और बुनियादी जरूरतों की चीजें महंगी हो गई हैं।
ये भी देखे: ईरान ने IAEA से बाहर निकलने का लिया फैसला, संसद में पास हुआ विधेयक