अनंतनाग में भीषण आग, 22 घर जलकर खाक, 37 परिवार हुए बेघर

by Manu
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में भीषण आग

श्रीनगर, 21 मार्च: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में गुरुवार रात भीषण आग लगने से भारी तबाही हुई। आग की चपेट में आकर 22 घर जलकर खाक हो गए, जिससे 37 परिवार बेघर हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, आग दक्षिण कश्मीर जिले के कादीपोरा इलाके के गाजी नाग में एक घर में लगी, जो तेजी से आसपास के घरों तक फैल गई। इस घनी आबादी वाले इलाके में आग लगने के दौरान कुछ गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ, जिससे आग और भयावह हो गई।

पुलिस, सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों ने समय रहते लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, जिससे जानहानि नहीं हुई। हालांकि, कई मकान आग की चपेट में आ गए। दमकल विभाग ने रातभर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अनंतनाग के तहसीलदार सज्जाद अहमद वानी ने बताया कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देने में जुटा है। सरकार की ओर से बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास और तत्काल राहत के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “अनंतनाग में भीषण आग से कई घर जलकर खाक हो गए, जिससे कई लोग बेघर हो गए हैं। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और पुनर्वास सहायता दी जा रही है। इस कठिन समय में हम पीड़ितों के साथ खड़े हैं।”

ये भी देखे: दिल्ली से लखनऊ आ रहे व्यक्ति की फ्लाइट में मौत! जांच मे जुटी पुलिस

You may also like