Mandi Disaster: कंगना रनौत ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

by Nishi_kashyap
कंगना रनौत

मंडी, 06 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रदेश में तबाही का मंजर छाया हुआ है। इस मुश्किल समय में मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने मंडी पहुँचे हैं।

कंगना रनौत ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन

उन्होंने हालातों का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना और हर संभव मदद का भराेसा दिया। कंगना रनौत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घड़ी है। हमारी सरकार और हम सभी जनप्रतिनिधि इस आपदा में पूरी तरह से लोगों के साथ खड़े हैं। पहले सड़कों की स्थिति और कनैक्टिविटी बाधित होने के कारण मैं यहाँ नहीं पहुँच पाई थी।

हवाई सहायता के जरिए पहुँचाई जा रही राहत सामग्री

उन्होंने बताया कि मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र में आपदा का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहाँ कई गाँव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर नालों और नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था। कंगना ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों को तेज कर दिया गया है। जहाँ सड़क मार्ग टूट गए हैं, वहाँ हवाई सहायता के जरिए राहत सामग्री पहुँचाई जा रही है। प्रभावित लोगों को भोजन, दवाइयाँ और अन्य जरूरी सामग्री मुहैया करवाई जा रही है।

कंगना ने विपक्ष पर साधा निशाना

कंगना ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम केवल बयानबाजी करना है, जबकि हमारी सरकार और कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा की पहले दिन से ही प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसे साथ ही कंगना ने यह भी बताया कि स्थानीय प्रशासन, भाजपा कार्यकर्ता और स्वयंसेवी संस्थाएँ मिलकर राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। अब मैं खुद भी हरसंभव सहायता के लिए मैदान में हूँ। कंगना ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि इस आपदा से उबरने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

यह भी पढ़े: सुखना लेक पर स्टंट करते समय 20 फीट गहरे पानी में जा गिरा युवक, लोगों की थमी सांसे

You may also like