बंगाल में घुसपैठ को लेकर ममता बनर्जी ने सुरक्षा बलों पर लगाया आरोप
कहा, आतंकी बंगाल में आ रहे हैं, यह केंद्र की नापाक योजना
नई दिल्ली, 2 जनवरी बांगलादेश में घुसपैठ को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुरक्षा बलों पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने टीएमसी पार्षद की हत्या को लेकर भी अपना दुख व्यक्त किया है। बता दें कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में गुरुवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के पार्षद दुलाल सरकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि टीएमसी पार्षद सरकार को झलझलिया मोड़ इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारी। हमले के बाद उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले की जांच की जा रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को अस्थिर करने की साजिश हो रही है। बांग्लादेश सीमा की रक्षा करने वाली बीएसएफ विभिन्न क्षेत्रों से बंगाल में घुसपैठ की अनुमति दे रही है। बांग्लादेशी आतंकी बंगाल में आ रहे हैं। यह केंद्र की नापाक योजना है। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक तरीके से बांग्लादेश की स्थिति पर केंद्र की प्रतिक्रिया अधूरी थी। राज्य के भाजपा नेताओं को केंद्रीय नेतृत्व से पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के बारे में जवाब देने के लिए कहना चाहिए।
पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा को लेकर भाजपा को घेरा
बनर्जी ने कहा कि राज्य के भाजपा नेता जो हर मामले में तृणमूल कांग्रेस सरकार की गलती ढूंढते हैं और विरोध प्रदर्शन करते हैं, वे बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य समुदायों पर जारी अत्याचारों के बारे में केंद्र सरकार की अधूरी प्रतिक्रिया के बारे में बात नहीं कर रहे हैं। टीएमसी और राज्य सरकार बांग्लादेश की स्थिति पर केंद्र के फैसले और प्रतिक्रिया का पालन करेगी। सांसद बनर्जी ने कहा कि अगर बंगाल के भाजपा नेता पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों के उत्पीडऩ के बारे में इतने सचेत हैं, तो वे दिल्ली में अपनी सरकार पर उचित जवाब देने के लिए क्यों नहीं दबाव डाल रहे हैं? उन्होंने लोगों से राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने तथा उन लोगों पर ध्यान नहीं देने का आह्वान किया जो बांग्लादेश का हवाला देकर हिंसा में लिप्त होने और कानून-व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।
बंगाल में घुसपैठ को लेकर ममता बनर्जी ने सुरक्षा बलों पर लगाया आरोप
कहा, आतंकी बंगाल में आ रहे हैं, यह केंद्र की नापाक योजना
77