मेरठ, 06 दिसंबर 2025: उत्तर प्रदेश के मेरठ पुलिस और स्वाट टीम ने शनिवार को जोरदार कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी के नेटवर्क को तोड़ दिया। दो अलग-अलग जगहों पर छापे मारकर पुलिस ने आठ खतरनाक तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कुल 151 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया।
पहली कार्रवाई जंगेठी नाले के पास हुई। वहां चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी में कार से 125 किलो गांजा मिला। पुलिस ने पांच आरोपियों अजय उर्फ रोहता, मनोज, कृष्णकांत भूषण, रोहित उर्फ सोनू और राहुल को मौके से दबोच लिया। कंकरखेड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ।
दूसरी कार्रवाई बट जेवरा नाले के पास हुई। यहां पुलिस ने तीन और तस्करों अजय उर्फ कालिया, चोटिया और मोहित गोस्वामी को पकड़ा। इनके पास से 26 किलो गांजा और एक कार बरामद हुई। इनके खिलाफ भी अलग से एनडीपीएस का मुकदमा कायम किया गया।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि कई आरोपी पुराने अपराधी हैं। खासकर मुख्य आरोपी अजय उर्फ रोहता के खिलाफ दस से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये लोग गांजा ओडिशा से लाकर दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी में सप्लाई करते थे।
ये भी देखे: UP NEWS: यूपी के मेरठ के एक घर में हुए पांच धमाके, इलाके में फैला खौफ