कुरुक्षेत्र, 29 अगस्त 2025: कुरुक्षेत्र के आदर्श थाना क्षेत्र के गांव कैंथला खुर्द और मिर्जापुर में तेंदुआ दिखने की खबर से हड़कंप मच गया। गुरुवार को दोनों गांवों में पुलिस और वाइल्ड लाइफ विभाग की टीमें दिनभर जांच-पड़ताल में जुटी रहीं। गांव मिर्जापुर की दो महिलाओं, गुरमेलो और गुरमेतो ने दावा किया कि उन्होंने अपने घर के सामने तेंदुआ देखा, जिसका रंग भूरा था और उस पर सफेद धारियां थीं। उन्होंने बताया कि शोर मचाने पर तेंदुआ पास के जीरी (खेत) में घुस गया।
मौके पर पहुंचे वाइल्ड लाइफ विभाग के गार्ड सुभाष ने खेत का निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि खेत में मिले पंजों के निशान कुत्ते के हैं, न कि तेंदुए के। उन्होंने कहा कि अगर तेंदुआ होता तो गांव की गलियों में कुत्ते डर के मारे भाग जाते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सुभाष ने यह भी बताया कि इस क्षेत्र में कोई जंगल नहीं है, जिसके चलते तेंदुए के आने की संभावना न के बराबर है।
ज्योतिसर चौकी इंचार्ज संदीप ने पहले कैंथला खुर्द में ग्रामीणों से पूछताछ की और फिर मिर्जापुर पहुंचकर वाइल्ड लाइफ गार्ड सुभाष से बातचीत की। पुलिस और वाइल्ड लाइफ विभाग की जांच में अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जो यह पुष्टि कर सके कि दोनों गांवों में तेंदुआ था।
ये भी देखे: Leopard in Wedding: लखनऊ में शादी के दौरान तेंदुआ घुसा, वन अधिकारी घायल