ऊना, 24 अक्टूबर 2025: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के विकास खंड कुटलैहड़ के अंतर्गत डंगेड़ा गांव में शुक्रवार शाम तेंदुए की मौजूदगी की खबर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम फौरन मौके पर पहुंची और तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए ने एक बकरी पर हमला किया था, लेकिन शोर मचाने पर वो जंगल की ओर भाग गया।
क्षेत्रीय निवासी सतरूप परिहार ने बताया कि शाम के समय गांव में तेंदुए की चहलकदमी की सूचना मिली। “हमने देखा कि तेंदुआ बकरी का शिकार करने की फिराक में था, लेकिन ग्रामीणों ने शोर मचा दिया तो वो फौरन भाग निकला।” वन विभाग को देर शाम ही ये खबर मिली, जिसके बाद टीम गांव रवाना हो गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
वन विभाग का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि के बाद ट्रैपिंग और मॉनिटरिंग का काम तेज किया जाएगा।
ये भी देखे: बड़ूही में तेंदुए का आतंक, कई पालतु जानवरो को बनाया शिकार; दहशत में लोग