महाकुंभ के भव्य मंच पर लखविंदर वडाली सूफियाना गायकी के साथ करेंगे मंत्रमुग्ध
लखविंदर वडाली महाकुंभ में प्रोग्राम करने वाले होंगे पहले पंजाबी गायक
चंडीगढ़ : प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में देश के मशहूर गायक, संगीतकार और नर्तक प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर 23 जनवरी को भारत सरकार द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में पंजाब के मशहूर सूफी गायक लखविंदर वडाली अपनी प्रस्तुति देंगे | गौरतलब है कि महाकुंभ के इस भव्य मंच पर प्रोग्राम करने वाले लखविंदर वडाली पहले पंजाबी कलाकार होंगे । इससे पहले हिंदी सिनेमा के प्लेबैक सिंगर और संगीतकार शंकर महादेवन इस मंच पर कार्यक्रम कर चुके हैं । भारतीय कला और संस्कृति के भव्य मंच पर देश के मशहूर गायक कैलाश खेर, कविता सेठ, नितिन मुकेश, सुरेश वाडकर, हरिहरन, कविता कृष्णमूर्ति समेत कई नामी कलाकार नजर आएंगे, जिनमें पंजाब के मशहूर सूफी गायक लखविंदर वडाली भी शामिल हैं ।
इस महाकुंभ के मौके पर 24 फरवरी तक गंगा पंडाल में सांस्कृतिक भव्य मंच पर कार्यक्रम होंगे । इस अवसर पर संगीत, शास्त्रीय नृत्य और नाटकीय कलाएं भी शामिल होंगी जो भक्तों को भक्ति और विश्वास की अद्भुत भावना प्रदान करेंगी । बता दें कि इससे पहले लखविंदर वडाली ने 2023 में भारत पर्व के मौके पर दिल्ली के लाल किले पर फरफॉम करने वाले पहले पंजाबी कलाकार बनकर इतिहास रचा था | इसके साथ ही साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के एल्बरी शहर में एक लाइव शो आयोजित किया गया था, जहां लखविंदर वडाली एल्बरी शहर में गाने वाले पहले पंजाबी सूफी गायक बने थे ।
पंजाब के प्रसिद्ध सूफी गायक लखविंदर वडाली सूफियाना गायन के प्रति समर्पित वडाली परिवार से हैं। लखविंदर वडाली पद्मश्री उस्ताद पूरन चंद वडाली के बेटे हैं। पद्मश्री पूरन चंद वडाली और दिवंगत प्यारे लाल वडाली, जिन्हें “द वडाली ब्रदर्स” के नाम से जाना जाता है, भारत की सबसे प्रसिद्ध सूफी जोड़ी है। लखविंदर वडाली पटियाला घराने से ताल्लुक रखते हैं और उन्होंने अपनी गायकी के लिए कई पुरस्कार जीते हैं, जिनमें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार भी शामिल है।