KKR vs RR Match Highlights: KKR बनाम RR: बुधवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और सीजन की अपनी पहली जीत अपने नाम की। दूसरी ओर, राजस्थान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
केकेआर के गेंदबाजों ने पहले शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को 151 रनों पर समेट दिया, जिसके बाद क्विंटन डिकॉक की नाबाद 97 रनों की तूफानी पारी ने टीम को 15 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
KKR बनाम RR: डिकॉक का जलवा
152 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत मोईन अली और क्विंटन डिकॉक ने की। अली, जो इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे थे, दुर्भाग्यवश मात्र 5 रन बनाकर रन आउट हो गए। कप्तान अजिंक्य रहाणे भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 15 गेंदों में 18 रन बनाकर वानिंदु हसरंगा की गेंद पर आउट हो गए। उस वक्त 10.1 ओवर में स्कोर 70 रन था। लेकिन डिकॉक ने एक छोर संभाले रखा और शानदार शॉट्स के साथ टीम पर दबाव नहीं आने दिया।
रहाणे के आउट होने के बाद इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए युवा अंगक्रिश रघुवंशी ने डिकॉक का बखूबी साथ निभाया। दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए पारी को आगे बढ़ाया और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर डिकॉक ने छक्का जड़कर जीत पक्की कर दी।
हालांकि, वह अपने शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। डिकॉक ने 61 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के और 8 चौके शामिल रहे।
राजस्थान की गेंदबाजी रही फीकी
राजस्थान रॉयल्स की ओर से कोई भी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। हालत यह थी कि पावरप्ले में रियान पराग तक को गेंदबाजी के लिए उतारा गया। टीम के 7 खिलाड़ियों ने गेंद थामी, लेकिन सिर्फ हसरंगा ही एकमात्र विकेट ले सके। बाकी गेंदबाज केकेआर की बल्लेबाजी के आगे बेबस नजर आए।
गेंदबाजों ने बिछाई जीत की नींव
केकेआर के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को 151 रनों पर रोक दिया। वैभव अरोड़ा ने कप्तान संजू सैमसन को बोल्ड कर पहला झटका दिया। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने रियान पराग (25) को आउट किया, जबकि मोईन अली ने यशस्वी जायसवाल (29) को पवेलियन की राह दिखाई।
मोईन अली ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं वरुण चक्रवर्ती ने कंजूसी भरी गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और 2 विकेट लिए। हर्षित राणा और वैभव अरोड़ा ने भी 2-2 विकेट चटकाए, जबकि स्पेंसर जॉनसन को 1 विकेट मिला। इस शानदार गेंदबाजी ने केकेआर की जीत की राह आसान कर दी।
अंक तालिका में उछाल
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने 2 मैचों में 2 अंक हासिल किए हैं, हालांकि उसका नेट रन रेट अभी -0.308 है। दूसरी ओर, राजस्थान की टीम लगातार हार के बाद दबाव में आ गई है।
ये भी देखे: पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 11 रनों से हराया: श्रेयस की कप्तानी पारी