चंडीगढ़, 02 सितंबर 2025: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को पंजाब में आए बाढ़ संकट को लेकर पंजाब बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष और पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा से फोन पर बात की। नड्डा ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि इस मुश्किल घड़ी में केंद्र सरकार पंजाब को अकेला नहीं छोड़ेगी। उन्होंने केंद्र के मंत्रियों से इस संबंध में चर्चा करने की बात कही और पंजाब को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जेपी नड्डा ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए रणनीति बनाने पर जोर दिया। अश्विनी शर्मा ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, कपड़े, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही, कार्यकर्ता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में भी जुटे हैं।
नड्डा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि दवाइयां, भोजन, कपड़े और साफ पीने का पानी उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
ये भी देखे: पंजाब बाढ़ संकट पर पीएम मोदी ने सीएम मान से की बात, हर संभव मदद देने का दिया आश्वासन