Jalandhar News: जालंधर में SBI एटीएम उखाड़कर 45 लाख की चोरी

by Manu
जालंधर चोरी

जालंधर, 19 जुलाई 2025: जालंधर के लाडेवाली फ्लाईओवर के पास शुक्रवार देर रात चोरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक एटीएम को उखाड़कर 45 लाख रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। शनिवार सुबह स्थानीय दुकानदारों ने देखा कि एटीएम गायब है और आसपास सामान बिखरा पड़ा है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, चोरों ने पहले एटीएम के सीसीटीवी कैमरों पर काला पेंट छिड़ककर अपनी पहचान छिपाई। फिर गैस कटर और सब्बल का इस्तेमाल कर पूरी मशीन को उखाड़ लिया और कैश ट्रे लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एटीएम में करीब 45 लाख रुपये थे, हालांकि पुलिस और बैंक ने अभी इस राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय एटीएम पर कोई सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं था, जबकि पुलिस पहले ही बैंकों को 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दे चुकी है। इस लापरवाही ने पुलिस और बैंक प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुबह 9:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरों द्वारा छोड़ा गया एक सब्बल पुलिस ने बरामद किया है। साथ ही, आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके।

ये भी देखे: Punjab News: जालंधर के पंजाब एवेन्यू में NRI के घर में चोरी

You may also like