इस्राइल ने यमन में हूती विद्रोहियों के नेताओं खिलाफ सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी

कैटज ने कहा हूती विद्रोहियों का भी वही हश्र होगा जो हनियेह का हुआ

by TheUnmuteHindi
इस्राइल ने यमन में हूती विद्रोहियों के नेताओं खिलाफ सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी

इस्राइल ने यमन में हूती विद्रोहियों के नेताओं खिलाफ सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी
कैटज ने कहा हूती विद्रोहियों का भी वही हश्र होगा जो हनियेह का हुआ
नई दिल्ली, 24 दिसंबर : इसराइल अपने विरोधियों को खत्म करने पर तुला हुआ है तथा उसने चेतावनी दी है कि वह ऐसे किसी भी शख्स को जीवित नहीं छोड़ेंगे, जो उनका दुश्मन है। बता दें कि इस्राइल ने हमास और हिजबुल्ला के अन्य नेताओं को मारा, सीरिया में बशर असद की सरकार गिराने में मदद की और ईरान की विमान-रोधी प्रणालियों को नष्ट किया। उन्होंने कहा, ‘‘हम (हूती विद्रोहियों के) रणनीतिक बुनियादी ढांचे पर हमला करेंगे और चरमपंथी समूह के नेताओं का सिर कलम कर देंगे।
इस्राइल के रक्षा मंत्री ने स्वीकार किया कि उनके देश ने फलस्तीन के चरमपंथी समूह हमास के शीर्ष नेता की हत्या की थी और यमन में हूती विद्रोहियों के नेताओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस्राइल कैट्ज की टिप्पणी से ऐसा प्रतीत होता है कि पहली बार इस्राइल ने इस्माइल हनियेह की हत्या की बात स्वीकार की है जो जुलाई में ईरान में एक धमाके में मारा गया था। इस धमाके के पीछे इस्राइल का हाथ माना जा रहा था और नेताओं ने पहले भी इसके शामिल होने के संकेत दिए थे। सोमवार को एक भाषण में कैट्ज ने कहा कि हूती विद्रोहियों का वही हश्र होगा जो हनियेह समेत क्षेत्र में ईरान समर्थित चरमपंथी समूहों के अन्य सदस्यों का हुआ। कैट्ज ने इस्राइली हमलों में मारे गए हमास और हिजबुल्ला के नेताओं का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘जैसा कि हमने तेहरान, गाजा और लेबनान में हनीया, सिनवार और नसरल्लाह के साथ किया। हम हुदेदा और सना में भी वैसा ही करेंगे।
ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस्राइल पर दागे थे कई ड्रोन व मिसाइलें
बता दें कि हमास के खिलाफ इस्राइल के संघर्ष के दौरान ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस्राइल पर कई मिसाइलें और ड्रोन दागे। शनिवार को भी तेल अवीव में मिसाइल दागी गई थी जिसमें कम से कम 16 लोग घायल हो गए थे। इस्राइल ने युद्ध के दौरान यमन में तीन हवाई हमले किए तथा मिसाइल हमले बंद होने तक विद्रोही समूह पर दबाव कायम रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वह अपने संकल्प पर पूरी तरह अटल हैं।

You may also like