फ्रांस से 26 राफेल खरीदेगा भारत, भारतीय नौसेना के लिए किया गया सौदा

by Manu
राफेल मरीन लड़ाकू विमान भारतीय नौसेना के लिए

Rafale marine fighter jet: भारत ने फ्रांस से 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदने के लिए एक करार किया है। दोनों देशों की सरकारें जल्द ही 63,000 करोड़ रुपये से अधिक के इस रक्षा सौदे पर हस्ताक्षर करेंगी, जिसके तहत भारतीय नौसेना को 22 सिंगल-सीटर और चार ट्विन-सीटर राफेल समुद्री जेट मिलेंगे। सौदा पूरा होने के बाद, राफेल समुद्री विमान की डिलीवरी 2029 के अंत से शुरू हो जाएगी और भारतीय नौसेना को 2031 तक सभी 26 विमान मिल जाएंगे। इन विमानों का निर्माण फ्रांसीसी निजी विमानन कंपनी डसॉल्ट एविएशन द्वारा किया जाएगा।

इन राफेल-एम विमानों को आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विक्रमादित्य जैसे विमानवाहक पोतों पर तैनात किया जाएगा। अब तक भारतीय नौसेना के ये दोनों जहाज पुराने मिग-29K लड़ाकू विमानों के साथ अपने मिशन पूरे करते हैं। राफेल-एम बेड़ा पुराने हो चुके मिग-29के बेड़े की जगह लेगा। सूत्रों के अनुसार, इस सौदे के तहत 26 राफेल विमानों के अलावा इन विमानों के कलपुर्जे ऑफसेट दायित्वों के तहत भारत में निर्मित किये जायेंगे। इसके अलावा, फ्रांस कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी देगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने इस सौदे को मंजूरी दे दी है। राफेल मरीन, विमान वाहकों के लिए डिजाइन किए गए राफेल लड़ाकू विमान का एक संस्करण है, जो अपनी उन्नत एवियोनिक्स, हथियार प्रणालियों और हवाई युद्ध विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है। राफेल-एम को विमान वाहक से किए जाने वाले मिशनों के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें मजबूत लैंडिंग गियर, अरेस्टर हुक्स और शॉर्ट टेक-ऑफ बट अरेस्टेड रिकवरी (एसटीओबीएआर) ऑपरेशन करने के लिए मजबूत एयरफ्रेम है।

ये भी देखे: आज भारत लाया जाएगा 26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा

You may also like