इंडिया मास्टर्स ने जीता इंटरनेशनल मास्टर्स लीग 2025 का खिताब, वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराया

by Manu
इंडिया मास्टर्स विजेता

रायपुर: रविवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इंटरनेशनल मास्टर्स लीग टी20, 2025 के फाइनल में इंडिया मास्टर्स ने वेस्टइंडीज मास्टर्स को 6 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इस शानदार जीत के साथ इंडिया मास्टर्स ने अपनी बेहतरीन टीम प्रदर्शन का सबूत दिया।

फाइनल मैच में वेस्टइंडीज मास्टर्स के कप्तान ब्रायन लारा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाये। टीम के लिए लेंडल सिमंस ने 41 गेंदों पर 57 रन की शानदार पारी खेली, वहीं ड्वेन स्मिथ ने 35 गेंदों पर 45 रन बनाए। हालांकि, इंडिया मास्टर्स के गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को 150 रन के भीतर रोक दिया।

विनय कुमार और शाहबाज नदीम की शानदार गेंदबाजी

विनय कुमार और शाहबाज नदीम ने मिलकर वेस्टइंडीज की टीम को दबाव में डाला। विनय कुमार ने 26 रन पर 3 विकेट झटके, जबकि शाहबाज नदीम ने 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इन दोनों की शानदार गेंदबाजी के कारण वेस्टइंडीज की टीम 148 रन पर सिमट गई।

अब बारी थी इंडिया मास्टर्स के बल्लेबाजों की। मेजबान टीम ने 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इसे 2.5 ओवर शेष रहते हासिल कर लिया। अंबाती रायुडू ने 74 रन की शानदार पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उनकी इस पारी ने इंडिया मास्टर्स को एक सहज जीत दिलाई।

इंडिया मास्टर्स के युवराज सिंह रहे पूरे टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर

युवराज सिंह ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 166 रन बनाए और इस फाइनल के बाद उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर शीर्ष स्थान हासिल किया। युवराज का स्ट्राइक रेट 193.02 था, जो इस टूर्नामेंट में किसी भी बल्लेबाज का सबसे उच्चतम स्ट्राइक रेट था।

गेंदबाजी में भी इंडिया मास्टर्स के पवन नेगी ने पांच मैचों में 8 विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम के लिए रवि रामपॉल चार मैचों में 9 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।

इस फाइनल मैच के साथ इंडिया मास्टर्स ने अपनी टीम की मजबूत क्षमता को साबित कर दिया और वेस्टइंडीज मास्टर्स को हराकर पहली बार इंटरनेशनल मास्टर्स लीग का खिताब अपने नाम किया।

ये भी देखे: मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वीमेंस प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल: कौन सी टीम होगी विजेता?

You may also like