हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन होने से जन जीवन हुआ अस्त व्यस्त
शिमला, 3 मार्च। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण जन जीवन पूरी तरह रुक गया है। इस भारी बर्फबारी के कारण कइ्र इलाकों में खतरा भी बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार जोबरंग गांव के सामने बहने वाली चिनाब नदी का बहाव हिमस्खलन के कारण रुक गया है। जोबरंग के फाड़ी नाले में हिमस्खलन होने से नदी का जल प्रवाह अवरुद्ध हो गया, जिससे इलाके में खतरा बढ़ गया है। चिनाब का बहाव रुकने के कारण जोबरंग पंचायत के तीन गांवों को जोडऩे वाले चिनाब नदी पर बने पुल के बहने का खतरा उत्पन्न हो गया है। जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति को सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
आरेंज अलर्ट किया गया है जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 26, 27 और 28 फरवरी को हुई भारी बर्फबारी और बारिश के प्रभाव के कारण तीन मार्च को चंबा, कांगड़ा और लाहौल और स्पीति के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। राज्य में अब भी 365 सडक़ें और तीन राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं। 1,377 बिजली ट्रांसफार्मर और 269 जलापूर्ति व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं।
सुविधाएं बहाल करने के लिए कार्य जारी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि रविवार को भी सडक़ों समेत अन्य क्षतिग्रस्त सुविधाओं को बहाल करने के लिए कार्य जारी रहा। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर हिमस्खलन हुआ, लेकिन जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी में साच के पास जोध नाले में संत राम नाम का एक व्यक्ति गिर गया। नेगी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से व्यक्ति को बचा लिया। उन्होंने बताया कि साच में एक सरकारी हेलीकॉप्टर भेजा गया और व्यक्ति को कुल्लू ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन होने से जन जीवन हुआ अस्त व्यस्त
आरेंज अलर्ट किया गया है जारी
5