दिल्ली में फिर मिली स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
मौके पर पुलिस पुलिस, दमकल विभाग व बम स्क्वायड की टीमें
नई दिल्ली, 20 दिसंबर : दिल्ली मेें स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब दिल्ली के एक अन्य स्कूल कों किसी अज्ञात ने ईमेल करके धमकी दी है कि वह स्कूल को बम से उड़ा देगा, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। शुक्रवार रात द्वारका डीपीएस स्कूल को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई। दमकल अधिकारी ने बताया कि इसी बीच 8.07 बजे राफ्ता मोड़ जाफरपुर कलां स्थित न्यू कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम वहां जांच पड़ताल शुरू कर दी।
बता दें कि रात के समय स्कूल प्रबंधन को धमकी भरा मेल मिला। इसकी जानकारी तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, बम स्क्वायड, डॉग स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, और एम्बुलेंस की टीमें स्कूल पहुंचीं और उन्होंने अपनी जांच शुरू कर दी।
नोएडा के लोटस वैली स्कूल को भी मिला धमकी भरा ईमेल
उधर, नोएडा के सेक्टर-126 स्थित लोटस वैली स्कूल को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बाद में सूचना को फर्जी करार दिया गया। इससे पहले भी समय-समय पर अलग-अलग स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलती रही हैं। लेकिन जांच पड़ताल में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलता।
अब तक दर्जनों स्कूलों को मिल चुकी हैं धमकियां
बता दें कि पिछले काफी दिनों से दर्जनों स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं लेकिन अभी भी अपराधी पुलिस की पहुंच से पूरी तरह बाहर है। उक्त स्कूलों में बम होने की धमकी भरा ई-मेल भेजने वाला दिल्ली पुलिस के लिए चुनौती बन चुका है। इस मामले में पुलिस आईडी पते से यह पता तो कर लेती है कि ई-मेल किस देश के सर्वर आदि से भेजा गया है। लेकिन इससे आगे जांच नहीं बढ़ पाती हैं। कोतवाली सेक्टर 126 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि धमकी भरा ईमेल स्कूल प्रबंधन को मिला था। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। स्कूल में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।