असम में रेल के डिब्बे उतरे पटरी से, हुआ हादसा

by TheUnmuteHindi
असम में रेल के डिब्बे उतरे पटरी से, हुआ हादसा

नई दिल्ली, 18 अक्तूबर :असम में अगरतला लोकामान्य तिलक एक्सप्रेस के डिब्बे अचानक पटरी से उतरने के कारण वहां बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार इस घटना में इंजन समेत 8 डिब्बे पटरी से उतरे हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह घटना लुमडिंग डिविजन के अंतर्गत लुमडिंग-बर्डरपुर हिल सेक्शन में हुई। रेलवे प्रवक्ता ने भी पुष्टि की है कि दुर्घटना में किसी प्रकार की हताहत की जानकारी नहीं मिली है। इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। सीएम ने लिखा, ट्रेन 12520 अगरतला-एलटीटी एक्सप्रेस के 8 डिब्बे आज 15:55 बजे लुमडिंग के पास डिबालोंग स्टेशन पर पटरी से उतर गए। हम रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और राहत ट्रेन जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचेगी। ट्रेन गुरुवार सुबह रवाना हुई थी, और जैसे ही दुर्घटना की जानकारी मिली, रेलवे अधिकारियों और पुलिस की टीम घटनास्थल पर रवाना हो गई। मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे हैं।

You may also like