बरेली, 27 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार (26 सितंबर) को जुमे की नमाज के बाद मचे बवाल मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरेली पुलिस ने खुलासा किया कि नमाज के बाद भीड़ ने पुलिस फोर्स के साथ धक्कामुक्की करने की कोशिश की, जिससे तनाव भड़क गया। अब तक 10 FIR दर्ज हो चुकी हैं। जिनमें से 7 में मौलाना तौकीर का नाम शामिल है। मौलाना समेत 8 लोग पकड़े गए है। मौलाना तौकीर रजा को कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके अलावा, 39 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस का दावा है कि यह कोई अचानक घटना नहीं थी, बल्कि 7 दिनों से साजिश रची जा रही थी। इसमें बाहरी तत्व भी शामिल थे, जो शहर को अशांत करने की कोशिश में जुटे थे। एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि छापेमारी में चाकू, तमंचे, ब्लेड और पेट्रोल से भरी बोतलें बरामद हुई हैं।
ये भी देखे: बरेली हिंसा पर CM योगी का बड़ा बयान, कहा- ”मौलाना भूल गया था यूपी में किसका शासन है”