नई दिल्ली, 01 मार्च: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हाल ही में संपन्न हुए महाकुंभ 2025 के दौरान प्रसिद्धि पाने वाले अभय सिंह, जिन्हें ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से भी जाना जाता है, ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि नोएडा में एक निजी चैनल पर आयोजित समाचार बहस के दौरान उन पर हमला किया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अभय सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि “भगवाधारी लोगों” के एक समूह ने चैनल के न्यूज़रूम में प्रवेश किया, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें लाठियों से मारा।
घटना के बाद, अभय सिंह ने सेक्टर 126 में स्थित पुलिस चौकी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, बाद में पुलिस द्वारा मनाए जाने के बाद उन्होंने अपना विरोध वापस ले लिया। सेक्टर 126 के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) भूपेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि अभय सिंह को मना लिया गया था और उन्होंने औपचारिक शिकायत दर्ज करने का निर्णय नहीं लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो गया, जिसमें ‘आईआईटी बाबा’ को चर्चित बहस करते हुए देखा जा सकता है, जब अचानक साधुओं का एक समूह स्टूडियो में प्रवेश करता है और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न होती है। हालांकि, विवाद के सही कारण का खुलासा नहीं हो सका है।
कौन हैं आईआईटी बाबा अभय सिंह?
‘आईआईटी बाबा’ अभय सिंह महाकुंभ 2025 के दौरान सुर्खियों में आए। वे आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में स्नातक हैं और अपनी इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि को लेकर अक्सर चर्चा करते रहते हैं। हालांकि, उनकी आध्यात्मिक यात्रा एक सहज आकर्षण के रूप में शुरू हुई थी, न कि किसी सोच-समझ निर्णय के रूप में। अभय सिंह का मानना है कि कला और विज्ञान दोनों में एक गहरी कड़ी है और दोनों को एक संतुलित जीवन के लिए जरूरी समझते हैं।
अपने जीवन के अनुभवों पर बात करते हुए, अभय सिंह ने बताया कि उन्होंने कई अलग-अलग नौकरियाँ की हैं, जिनमें एप्लीकेशन और वेबसाइट डिजाइन, ट्रैवल फोटोग्राफी, भारतीय कला और शिल्प का दस्तावेजीकरण, फिल्म निर्माण, और बहुत कुछ शामिल था। उन्होंने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में यात्रा की और पुराने मंदिरों, चित्रकला शैलियों और भारतीय संस्कृति का अध्ययन किया।
महाकुंभ में आध्यात्मिकता और विज्ञान का संबंध
महाकुंभ के दौरान अपनी उपस्थिति को लेकर अभय सिंह ने कहा कि यह सिर्फ आध्यात्मिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनका मानना था कि अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिकों और इसरो के वैज्ञानिकों को भी महाकुंभ में आकर आध्यात्मिकता और विज्ञान के बीच रिश्ते को महसूस करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ज्ञान की खोज और जीवन में बदलाव की आवश्यकता ने उन्हें इस मार्ग पर पहुंचाया।
अभय सिंह का मानना है कि लोग आध्यात्मिकता की ओर आकर्षित होते हैं क्योंकि वे मानसिक शांति, तनाव से मुक्ति और जीवन के गहरे उद्देश्य को समझना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ अपने मन को शांत करने के लिए नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरा उद्देश्य है, यही कारण है कि लोग अपना जीवन इसके लिए समर्पित करते हैं।
ये भी देखे: प्रयागराज में महाकुंभ समापन के बाद 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान की शुरुआत