नई दिल्ली, 14 जून 2025: Tatkal Ticket Booking Rules: भारतीय रेलवे में हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं, और इसके लिए कुछ नियमों का पालन करना जरूरी होता है, जो टिकट बुकिंग से लेकर यात्रा पूरी होने तक लागू रहते हैं। कुछ लोग सामान्य टिकट बुक करते हैं, तो कुछ को आखिरी समय में तत्काल टिकट की जरूरत पड़ती है। हाल ही में भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जो 1 जुलाई 2025 से लागू होगा। अगर आप भी तत्काल टिकट बुक करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
क्या है तत्काल बुकिंग के लिए नया नियम?
अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए IRCTC अकाउंट में आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होगा। यानी, अगर आपका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक और वेरिफाइड नहीं है, तो आप तत्काल टिकट नहीं बुक कर पाएंगे। यह कदम रेलवे ने टिकट बुकिंग में फर्जीवाड़े और फर्जी यूजर ID के दुरुपयोग को रोकने के लिए उठाया है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए आपको IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर आधार वेरिफिकेशन पूरा करना होगा। इसके अलावा, रेलवे टिकट काउंटरों और अधिकृत एजेंट्स के जरिए बुकिंग के लिए भी OTP वेरिफिकेशन जरूरी होगा।
एजेंट्स पर भी सख्ती
रेलवे ने आम यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए एजेंट्स पर भी पाबंदी लगाई है। अब तत्काल बुकिंग शुरू होने के पहले 30 मिनट (AC क्लास के लिए सुबह 10:00 से 10:30 और नॉन-AC क्लास के लिए 11:00 से 11:30) तक एजेंट्स टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। इससे सामान्य यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
तत्काल टिकट बुकिंग के लिए टिप्स
मास्टर लिस्ट बनाएं: तत्काल बुकिंग के दौरान समय बचाने के लिए अपने IRCTC अकाउंट में मास्टर लिस्ट तैयार करें। इसमें यात्री का नाम, उम्र, जेंडर जैसी जानकारी पहले से दर्ज कर लें। बुकिंग के समय बस यात्री का नाम चुनें, और जानकारी अपने आप भर जाएगी।
पहले से लॉगिन करें: AC क्लास के लिए तत्काल बुकिंग सुबह 10:00 बजे और स्लीपर क्लास के लिए 11:00 बजे शुरू होती है। पोर्टल खुलने से 5-10 मिनट पहले IRCTC वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर लें, ताकि आखिरी समय में लॉगिन की परेशानी न हो।
तेज इंटरनेट और भुगतान तैयार रखें: तेज इंटरनेट कनेक्शन और पहले से तैयार भुगतान विकल्प (जैसे UPI, कार्ड, या वॉलेट) का इस्तेमाल करें। IRCTC के ऑटोपे सिस्टम से पैसे तभी कटेंगे, जब टिकट कन्फर्म होगा, जिससे असफल बुकिंग में पैसा फंसने की चिंता नहीं रहेगी।
सीट उपलब्धता चेक करें: बुकिंग से पहले ट्रेन नंबर, यात्रा तारीख, और क्लास चुनकर तत्काल कोटे में सीट की उपलब्धता जांच लें।
ये भी देखे: अब नहीं कर पाएंगे फर्स्ट AC में सफर, रेलवे ने टिकट अपग्रेड नियम में किया बदलाव