लखनऊ, 29 अगस्त 2025: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (लखनऊ एयरपोर्ट) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 अगस्त 2025 को बैंकॉक से आए दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 23.935 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (वीड) बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीआरआई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-105 से लखनऊ पहुंचे इन यात्रियों को रोका गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने चेक-इन सामान में भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा होने की बात स्वीकारी। सामान की गहन तलाशी में 23.935 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई, जिसे नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया। दोनों तस्करों को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हाइड्रोपोनिक वीड एक उच्च गुणवत्ता वाला मादक पदार्थ है, जिसे मिट्टी रहित, पोषक तत्वों से भरपूर जल-आधारित प्रणाली में उगाया जाता है। इसकी अवैध बाजार में भारी मांग है। डीआरआई अब इस तस्करी के पीछे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और इसके संभावित स्थानीय कनेक्शन की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: UP News: लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान से अचानक निकलने लगा धुआँ, टला बड़ा हादसा