मोदी ने 10 सालों में कितने किसानों का ऋण माफ किया : राहुल गांधी

by TheUnmuteHindi
मोदी ने 10 सालों में कितने किसानों का ऋण माफ किया : राहुल गांधी

नई दिल्ली, 13 नवंबर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के पूर्वी हिस्से में स्थित गोंदिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते कहा कि लोगों को मोदी से पूछना चाहिए कि पिछले 10 सालों में उन्होंने कितने किसानों का ऋण माफ किया है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संविधान को खत्म करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि वह ‘गारंटी’ के साथ कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान नहीं पढ़ा है, अन्यथा वह उसमें लिखी बातों का सम्मान करते। इससे पहले कांग्रेस नेता गांधी ने दिल्ली में कहा कि भाजपा ने अपने ‘अरबपति मित्रों’ को जितना पैसा दिया है, उससे अधिक पैसा ‘इंडिया’ गठबंधन महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को देगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में इस गठबंधन ने महिलाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए उनकी सम्मान राशि बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का फैसला किया है। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘झारखंड की माताओं-बहनों के खातों में कल मईया सम्मान योजना की चौथी किश्त खटाखट-खटाखट चली गई। यह योजना महिलाओं को महंगाई से लडऩे और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने में विशेष रूप से मदद कर रही है। इसलिए लोग पूरी तरह कांग्रेस के साथ हैं।

You may also like