पालमपुर,30 जुलाई,2025: पालमपुर और इसके आसपास के इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बतादें की जल शक्ति विभाग मंडल पालमपुर के अंतर्गत 22 बड़ी पेयजल योजनाओं काे भारी बारिश के चलते काफी नुक्सान हुआ है। बारिश के कारण गड्ढों में जलस्तर ज़्यादा बढ़ गया है, जिससे कुछ जल स्रोत बह गए हैं और कई योजनाओं में गाद भर गई है। जिस कारण पूरी पेयजल आपूर्ति प्रणाली ठप्प हो गई है। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल वर्मा ने जानकारी दी कि सभी स्कीमें फिलहाल बंद हैं और स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पानी का स्तर कम होगा, मुरम्मत का काम तेजी से शुरू कर योजनाओं को बहाल कर दिया जाएगा।
इसके अलावा, सड़क नैटवर्क भी बारिश की मार से अछूता नहीं रहा। कई मुख्य और संपर्क मार्ग भूस्खलन और पेड़ों के गिरने के कारण बंद हो गए हैं। परौर, लाहला, चचियाँ कंडी और बंदला की सड़कों पर कई स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे डंगे (रिटेनिंग वॉल) क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथ ही योल-डाढ़-नगरी मार्ग पर न्यूगल पुल के समीप देर रात भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण रास्ता बंद हो गया। लोहना कुलानी और गोरट सड़क मार्ग भी कई घंटों तक आवाजाही के लिए बंद रहे। हालांकि, राहत की बात यह है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा किए गए प्रयासों के चलते कुछ मार्गों को छोटे वाहनों के लिए आंशिक रूप से खोला गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बारिश से सड़कों को भारी नुक्सान पहुँचा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने अधिकांश मार्गों को आंशिक रूप से बहाल कर दिया है, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी मुरम्मत कार्य जारी है। विभाग को एक ही बारिश में करोड़ों रुपए का नुक्सान होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: UP News: नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, फैक्ट्री सील