पटना, 19 अगस्त 2025: मायानगरी मुंबई में कई दिनों से जारी तेज बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें भी रेलवे ट्रैकों पर पानी भरने के कारण प्रभावित हैं, और उनकी रफ्तार पर ब्रेक लग गया है।
कुर्ला से होकर बहने वाली मीठी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। नदी के किनारे बसे इलाकों में रहने वाले करीब 350 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पिछले 6 घंटों में मुंबई में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों को बंद करने का आदेश दिया है। मुंबई पुलिस ने लोगों से घरों में रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही, निजी कंपनियों से अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन और एनडीआरएफ टीमें हालात पर नजर रखे हुए हैं और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।
ये भी देखे: मुंबई में भारी बारिश का कहर, स्कूल बस फंसी, पुलिस ने 6 बच्चों को सुरक्षित बचाया