मुंबई, 18 अगस्त 2025: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बीच, मातुंगा इलाके में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल की बस जलमग्न सड़क पर फंस गई। बस में छह बच्चे और दो स्टाफ सदस्य सवार थे, जिन्हें मुंबई पुलिस ने सुरक्षित निकाल लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह की शिफ्ट की छुट्टी के बाद बच्चों के घर लौटते समय हुई। बस आधे घंटे से ज्यादा समय तक पानी में फंसी रही। सूचना मिलते ही मातुंगा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चों सहित स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर उन्हें मातुंगा पुलिस स्टेशन ले जाया गया। सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मुंबई पुलिस ने अपने एक्स हैंडल पर नागरिकों से अपील की कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से निकलें। पुलिस ने कहा, “हमारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं। किसी भी आपात स्थिति में 100, 112 या 103 पर डायल करें। आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”
इस बीच, भारत मौसम विभाग (IMD) के ‘रेड अलर्ट’ को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने दोपहर की शिफ्ट में चलने वाले सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।
ये भी देखे: मौसम: महाराष्ट्र और केरल में समय से पहले पहुंचा मानसून, मुंबई में रेड अलर्ट