हरियाणा: नायब सैनी ने किए खिलाड़ियों के लिए कई बड़े ऐलान, देखे क्या कहा सीएम ने!

by Manu
हरियाणा कैबिनेट

चंडीगढ़, 22 अप्रैल 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खेल विभाग को निर्देश दिए कि स्टेडियमों और खेल नर्सरियों में खिलाड़ियों को उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएं। साथ ही, विशिष्ट खेलों के लिए एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किए जाएं और सभी खिलाड़ियों को यूनिक आईडी दी जाए। यह बातें उन्होंने सोमवार को सचिवालय में खेल विभाग की समीक्षा बैठक में कहीं। बैठक में खेल, युवा अधिकारिता, उद्यमिता और कानून विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद थे।

खिलाड़ियों के लिए कैश अवार्ड और स्कॉलरशिप के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च

बैठक में खिलाड़ियों के लिए कैश अवार्ड और स्कॉलरशिप के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया गया, जिसके जरिए खिलाड़ी इनके लिए आवेदन कर सकेंगे। बताया गया कि नकद पुरस्कार योजना के तहत 2014 से अब तक 16,305 खिलाड़ियों को 599.43 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में 3 राज्य स्तरीय, 21 जिला स्तरीय, 25 उपमंडल स्तरीय स्टेडियम, 163 राजीव गांधी खेल परिसर और 245 मिनी ग्रामीण स्टेडियम हैं। इसके अलावा, करीब 1,500 खेल नर्सरियां हैं, जिन्हें 2025-26 तक बढ़ाकर 2,000 करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने पंचकूला के क्रिकेट स्टेडियम में ग्राउंड, सिटिंग एरिया, हाई मास्ट लाइट और अन्य सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह स्टेडियम में भी सुधार के लिए कदम उठाने को कहा गया। साथ ही, पलवल में 100 एकड़ जमीन पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर बनाने पर भी चर्चा हुई।

कोच की सैलरी बढ़ाने पर विचार

उन्होंने खेल नर्सरियों में अंतर-नर्सरी, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले बच्चों की प्रतिभा को पहचाना जा सके। इन बच्चों को उनकी काबिलियत के अनुसार प्रोत्साहित कर भविष्य के लिए तैयार किया जाए। बैठक में खिलाड़ियों की डाइट मनी, कोच की सैलरी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी विचार हुआ।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। हाल के बजट में भी इसके लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का बेहतरीन जरिया है। इसलिए, बीमा योजना, बेहतर बुनियादी ढांचा, खेल उपकरण और कोच की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी देखे: फतेहाबाद: ग्राम पंचायत बरसीन में गठित हुई प्रदेश की पहली बालिका पंचायत

You may also like